कैलिफोर्निया की सड़क पर विमान दुर्घटनाग्रस्त, कई लोगों के मरने की आशंका
सैन डिएगो: कैलिफोर्निया में एक विमान के सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होने से कई घरों में आग लग गई। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल और आपदा राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
विमान में सवार यात्रियों की मौत की आशंका है, हालांकि सड़क पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सैन डिएगो पुलिस के अनुसार, इस तरह के छोटे विमानों में 8 से 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था होती है। हालांकि, इस विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। स्थानीय प्रशासन ने विमान के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है, केवल इतना बताया गया है कि यह मध्यपश्चिम से आ रहा था।
पुलिस ने बताया कि विमान का ईंधन सड़क पर फैल गया है, जिससे आगे और दुर्घटनाओं का खतरा है। प्रशासन तेजी से आसपास के निवासियों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास कर रहा है। साथ ही, पूरे इलाके से ईंधन और विमान के मलबे को हटाने की योजना बनाई गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों की सही संख्या का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।