‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विवादित वीडियो, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पानोली गिरफ्तार

‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित और सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पानोली को शुक्रवार रात गुरुग्राम से कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया और 13 जून तक न्यायिक हिरासत में रखने का निर्देश दिया गया है।
पुणे के एक कानून विश्वविद्यालय की छात्रा शर्मिष्ठा पानोली ने अपने वायरल वीडियो में कुछ बॉलीवुड अभिनेताओं पर सीधे उंगली उठाई थी। उसका आरोप था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर उन्होंने चुप्पी क्यों साधी हुई है? यह कटाक्षपूर्ण वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं पैदा कीं। कई लोगों ने वीडियो का कड़ा विरोध किया और उसे ट्रोल किया। वहीं, कुछ लोगों ने पलटवार करते हुए धमकी देना शुरू कर दिया।
दबाव में आकर शर्मिष्ठा पानोली ने वीडियो को हटा दिया और बाद में माफी भी मांगी। लेकिन तब तक कोलकाता पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने उसे और उसके परिवार को कई बार कानूनी नोटिस भेजे। हालांकि, पीटीआई सूत्रों के अनुसार, पानोली का कथित तौर पर अपने परिवार से संपर्क नहीं था, जिसके कारण नोटिस उस तक नहीं पहुंचा।
इसके बाद पुलिस ने अदालत का रुख किया और अदालत ने उसके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उसी के अनुसार शुक्रवार रात कोलकाता पुलिस की एक टीम ने उसे गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “हमने पानोली और उसके परिवार को कई बार नोटिस भेजने की कोशिश की थी। लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद अदालत की अनुमति से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। शुक्रवार रात उसे गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।”
गौरतलब है कि पिछले 7 मई, 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान चलाया गया था। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे। इस हमले के जवाब में भारत ने यह सैन्य अभियान चलाया और पाकिस्तान व पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
फिलहाल शर्मिष्ठा पानोली 13 जून तक न्यायिक हिरासत में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले की जांच अभी जारी है। क्या यह गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ एक मिसाल कायम करेगी?