4.5 करोड़ रुपये का सोना गायब, डबरा की Manappuram Finance शाखा में असली सोने की जगह नकली रखने का बड़ा घोटाला

मध्य प्रदेश: डबरा तहसील में स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की एक शाखा में एक सनसनीखेज गोल्ड लोन घोटाला सामने आया है। कंपनी के आंतरिक ऑडिट के दौरान यह खुलासा हुआ कि 26 ग्राहकों का 4 किलो 380 ग्राम असली सोना बदलकर लॉकर में नकली सोना रख दिया गया था। गायब हुए इस सोने की कीमत लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये आंकी गई है।

ऐसे हुआ फ्रॉड का खुलासा

यह बड़ा मामला तब उजागर हुआ जब एक ग्राहक अपना गिरवी रखा सोना लेने पहुंचा। जांच में पता चला कि ग्राहक को दिया गया सोना नकली था। इसके बाद कंपनी ने आठ लॉकरों की जांच की, जिसमें कुल 26 पैकेज नकली पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी के विजिलेंस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मणप्पुरम फाइनेंस एक नॉन-बैंकिंग वित्तीय कंपनी है जो सोने को गिरवी रखकर गोल्ड लोन देती है। कंपनी के नियमों के मुताबिक, ग्राहक के जेवरों को सील करके मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर मिलकर लॉकर में रखते हैं।

पीड़ित ग्राहकों में आक्रोश, मैनेजर-समेत 2 हिरासत में

जिन लोगों के सोने के पैकेट बदले गए हैं, वे घबराए हुए हैं और उनमें गहरा आक्रोश है। मेहनत की कमाई से बनवाए गए जेवरों को फाइनेंस कंपनी के लॉकर से ही बदल दिए जाने से पीड़ितों में हड़कंप मच गया है। वे कड़ी कार्रवाई और अपने सोने को वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।

इस मामले में पुलिस ने शाखा के असिस्टेंट मैनेजर विकास शर्मा और मैनेजर चंद्रभान कुशवाहा से पूछताछ शुरू कर दी है। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को शिकायत आवेदन दिया है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *