कोलकाता दुर्गा पूजा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’! इस पंडाल में मिसाइलें और सैन्य उपकरण क्यों लगाए गए हैं?२.
दुर्गा पूजा कोलकाता में सिर्फ आस्था का त्योहार नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और रचनात्मकता का एक भव्य प्रदर्शन है। इस साल इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संतोष मित्रा स्क्वायर का पंडाल अपने अनोखे थीम के लिए सुर्खियों में है। इस बार आयोजकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम रखी है, जो भारतीय सेना के पराक्रम और देशभक्ति को समर्पित है।
शुक्रवार को भव्य उद्घाटन से पहले ही यह पंडाल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। इसे एक युद्ध भूमि के रूप में सजाया गया है, जहां ब्रह्मोस मिसाइल, एस-400 सिस्टम जैसे अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों के मॉडल स्थापित किए गए हैं। रोशनी और साउंड इफेक्ट्स के जरिए आगंतुकों को देशभक्ति का गहरा अनुभव कराने की तैयारी है।
पंडाल परिसर में एक विशेष वीडियो भी दिखाया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और भारतीय सेना के पराक्रम को बड़े प्रोजेक्टर पर प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजक और भाजपा पार्षद सजल घोष के अनुसार, इस थीम का उद्देश्य सैनिकों को ‘सलाम’ करना और जनता में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाना है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जिस तरह का पराक्रम दिखाया है, उसी से प्रेरणा लेकर यह पंडाल तैयार किया गया है।”
इस बार देवी दुर्गा की प्रतिमा को भी इस तरह से स्थापित किया गया है कि वह सिर्फ दैवीय शक्ति ही नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा की प्रेरणा भी देती नजर आएंगी। संतोष मित्रा स्क्वायर का पंडाल हर साल अपनी अनूठी थीम के लिए जाना जाता है। पिछले साल राम मंदिर की तर्ज पर बने पंडाल ने भारी भीड़ को आकर्षित किया था। यूनेस्को से मान्यता प्राप्त कोलकाता की दुर्गा पूजा विश्व स्तर पर अपनी रचनात्मकता और भव्यता के लिए प्रसिद्ध है, और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम इस परंपरा को एक नए रूप में आगे बढ़ा रही है।