उत्तर प्रदेश, दावत में नहीं बुलाया तो प्रधान पति ने सीने में दागी गोली, शाहजहांपुर में नामकरण संस्कार के बीच खूनी विवाद

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात नामकरण की दावत के बीच एक बड़ा विवाद खून-खराबे में बदल गया। यहां 24 वर्षीय युवक अवनीश की प्रधान के पति सुखदेव ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि यह वारदात इसलिए हुई क्योंकि मृतक के परिवार ने दावत में प्रधान के पति को आमंत्रित नहीं किया था।

पूरा घटनाक्रम

मृतक के परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात घर पर पोते के नामकरण संस्कार की दावत चल रही थी। नाच-गाने और मेहमानों की भीड़ के बीच अचानक प्रधान पति के बेटे धर्मेंद्र वर्मा और धीरेंद्र वर्मा घर में घुस आए और महिलाओं से छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज की और धमकी देते हुए चले गए।

सीने पर दागी गोली

करीब आधे घंटे बाद दोनों भाई अपने पिता सुखदेव के साथ दोबारा लौटे। आरोप है कि सुखदेव और धीरेंद्र के पास तमंचे थे, जबकि धर्मेंद्र चाकू लेकर आया था। मेहमानों के सामने तीनों ने गाली-गलौज की और युवक अवनीश को पकड़ लिया। इसके बाद प्रधान के पति सुखदेव ने अवनीश के सीने पर तमंचे से गोली दाग दी। युवक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में खुशी का माहौल मातम और चीख-पुकार में बदल गया।

आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने गोली मारने के बाद भाग रहे सुखदेव को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घायल हालत में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, उसके दोनों बेटे तमंचे से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मृतक के पिता ने प्रधान पति सुखदेव और उसके दोनों बेटों धीरेंद्र व धर्मेंद्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

एसपी ने क्या कहा?

एसपी राजेश द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने प्रधान पति को दावत में नहीं बुलाया था, जिससे वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *