कटघोरा गोलीकांड, ‘लव जिहाद’ विवाद में यूपी से बुलाया गया शूटर, मास्टरमाइंड ‘शक्ति सिंह’ फरार; राजनीतिक कनेक्शन से हड़कंप
उप नगरीय क्षेत्र कटघोरा के कसनिया मोड़ में बुधवार रात हुए गोलीकांड के बाद माहौल गरमा गया है। पुलिस ने इसमें शामिल यूपी से आए किराए के शूटर सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड शक्ति सिंह नामक युवक को बताया जा रहा है, जिसके एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। शक्ति सिंह फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के बाद ही घटना का मकसद और अन्य संलिप्त लोगों का खुलासा होगा।
तीन आरोपी रिमांड पर
पुलिस ने सिकंदर मेमन के मकान पर गोली चलाने की सुपारी लेकर जिले में पहुंचे यूपी के प्रतापगढ़ निवासी दुर्गेश पांडेय (शूटर), और कोरबा शहर के हर्ष सिंह व आशीष जांगड़े को गिरफ्तार किया है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दुर्गेश ने गोली चलाई थी, जबकि अन्य दो ने उसकी मदद की थी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है। एसपी ने पुष्टि की कि इस वारदात में शक्ति सिंह के शामिल होने की जानकारी सामने आई है और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।
मास्टरमाइंड का राजनीतिक कनेक्शन
शक्ति सिंह का नाम सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि यह विषय आज ही उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि शक्ति सिंह पूर्व में पार्टी का पदाधिकारी था, लेकिन उनकी जानकारी के अनुसार वह बीच में ही इस्तीफा दे चुका है। मोदी ने साफ किया कि अगर किसी ने गलत किया होगा, तो वह जो भी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
‘लव जिहाद’ और रंजिश का एंगल
जिस मकान पर गोली चली है, उसके मालिक सिकंदर मेमन ने बताया कि यह विवाद उनके छोटे भाई के बेटे तौसीफ और उसकी सहपाठी लड़की के अप्रैल में भागकर शादी करने से शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष ने ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाया था। लड़की ने हाई कोर्ट और तहसीलदार के समक्ष लड़के के साथ रहने की सहमति जताई थी, लेकिन हिंदू संगठनों के विरोध के कारण मैरिज रजिस्ट्रार के यहां शादी का आवेदन भी खारिज हो गया। सिकंदर मेमन ने संदेह जताया कि लड़की के परिजनों और संगठन वालों ने मिलकर यूपी से किराए पर शूटर बुलवाकर उनके घर पर गोली चलवाई है।
पुलिस ने बताया कि रेकी करने के बाद शूटर दुर्गेश ने बुधवार रात वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने उसे भागते समय पकड़कर पुलिस के हवाले किया, जिसकी निशानदेही पर देसी कट्टा बरामद किया गया और अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।