झारखंड में बारिश-आंधी का कहर! 9.5 लाख का तिरुपति मंदिर मॉडल पंडाल गिरा, बड़ा हादसा टला, धनबाद-बोकारो मार्ग घंटों जाम

धनबाद: जिले में बारिश और तेज आंधी की वजह से कई पूजा पंडालों को भारी नुकसान पहुंचा है। धनबाद के मटकुरिया रोड पर स्थित एक पंडाल का लाइट गेट गिर गया, जिससे धनबाद-बोकारो मार्ग कई घंटों तक जाम रहा। काफी मशक्कत के बाद मलबे को सड़क से हटाया गया।

दूसरी तरफ, भूली बी ब्लॉक में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां करीब 9 लाख 50 हजार रुपये की लागत से कई फीट ऊंचा बनाया जा रहा पूजा पंडाल का एक बड़ा हिस्सा धराशायी हो गया। इस 110 फीट ऊंचे पंडाल को तिरुपति बालाजी मंदिर के तर्ज पर सजाया गया था।

हादसे के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर यह हादसा पूजा के दौरान, खासकर अष्टमी और नवमी की भीड़ में होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना के तुरंत बाद पूजा समिति के सदस्य सक्रिय हो गए और गिरे हुए मलबे को हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल, समिति द्वारा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पंडाल को दोबारा बनाने और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। लोगों ने डेकोरेटर्स की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें पंडाल निर्माण का बेहतर तरीके से जायजा लेना चाहिए था। बारिश और आंधी की वजह से पंडाल की भव्यता को लेकर अब चिंता बढ़ गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *