बिहार चुनाव 2025, महिला वोटर्स बनीं ‘किंगमेकर’, PM मोदी के 10,000 रु. के मुकाबले प्रियंका गांधी का 2500 रु. प्रतिमाह का दांव

बिहार की राजनीति में महिला मतदाता अब केवल साइलेंट वोटर नहीं, बल्कि किंगमेकर बन चुकी हैं। बिहार चुनाव 2025 को देखते हुए राजनीतिक पार्टियां सीधे महिलाओं की ज़िंदगी और जेब को छूने वाली योजनाओं पर फोकस कर रही हैं। एक ओर PM मोदी और CM नीतीश कुमार जीविका दीदी के भरोसे अपनी नैया पार लगाना चाहते हैं, तो दूसरी ओर प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव बड़े-बड़े ऐलान करके महिला वोट बैंक को अपने पाले में करने की कोशिश कर रहे हैं।

पीएम मोदी का गेमचेंजर दांव: 75 लाख महिलाओं के खाते में ₹10,000

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार की महिलाओं को बड़ा तोहफ़ा दिया। उन्होंने जीविका समूह से जुड़ी 75 लाख महिलाओं के खाते में सीधे 10-10 हज़ार रुपये ट्रांसफर किए, जिसे राजनीतिक दृष्टि से गेमचेंजर माना जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि अगर जन-धन योजना के तहत 30 करोड़ माताओं-बहनों के खाते न खुलवाए गए होते, तो इतनी बड़ी राशि सीधे उनके खातों में भेजना संभव नहीं होता। उन्होंने ज़ोर दिया कि अब योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में आ रहा है और भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं है।

नीतीश ने लिया क्रेडिट, लालू पर तंज

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में जीविका समूह की महिलाओं को मंच पर सम्मान दिया गया, जिससे स्पष्ट है कि एनडीए ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों में निर्णायक भूमिका निभाने वाले इस वर्ग को अपने पक्ष में करने पर जोर दे रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण का क्रेडिट लेते हुए कहा कि 2005 से पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग केवल परिवार को देखते हैं, जबकि उन्होंने (नीतीश ने) शराबबंदी, महिला आरक्षण और शिक्षा में लड़कियों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर काम किया है।

महागठबंधन का पलटवार: प्रियंका गांधी का ₹2500/माह और ज़मीन का वादा

एनडीए के इस बड़े दांव की काट में महागठबंधन ने भी कमर कस ली है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोतिहारी में महिला एजेंडा जारी किया और कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा 10,000 रुपये दिए जाने पर सवाल उठाए कि क्या यह सिर्फ चुनावी योजना है या हर महीने दी जाएगी? प्रियंका ने महिलाओं को हर महीने ₹2500 देने और उनके नाम पर ज़मीन देने जैसे बड़े वादे किए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *