आधी रात को जश्न! कोल इंडिया के कर्मचारियों को ₹1.03 लाख बोनस, SECL के 34,500 कर्मियों के खाते में जाएंगे ₹356 करोड़
September 26, 2025
कोल इंडिया (CIL) के कर्मचारियों के पीएलआर (PLR) यानी बोनस पर आखिरकार आधी रात को मुहर लग गई है। 2025 के लिए 1 लाख 3 हजार रुपए बोनस तय किया गया है। कोलकाता के एक होटल में CIL की JBCCI-11 की मानकीकरण समिति की छठवीं बैठक गहमागहमी के बीच हुई, जिसके बाद समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
कोयला कामगारों का बोनस और भुगतान:
- बोनस राशि: CIL और एसईसीएल (SECL) के स्थायी कामगारों को ₹1,03,000 का लाभ मिलेगा।
- बढ़ोतरी: 2024 के मुकाबले बोनस राशि में ₹9,250 की बढ़ोतरी हुई है।
- एसईसीएल को भुगतान: एसईसीएल के 34,500 से अधिक कर्मियों के खाते में लगभग 356 करोड़ रुपए का भुगतान होगा।
- बैठक का घटनाक्रम: CIL प्रबंधन ने पहले ₹90,800 का प्रस्ताव रखा था, लेकिन श्रमिक प्रतिनिधियों के दो बार वॉकआउट के बाद आधी रात को ₹1.03 लाख पर सहमति बनी।
बालको और रेलवे कर्मियों के लिए भी बड़ी सौगात:
- बालको कर्मियों का बोनस: सार्वजनिक क्षेत्र की एल्युमीनियम उत्पादक बालको (BALCO) प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों के बोनस में पिछले साल के मुकाबले 15 प्रतिशत की वृद्धि की है। इस वर्ष कर्मचारियों को अधिकतम ₹1,89,264 बोनस दिया जाएगा। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी उनके वेतन का 8.33 प्रतिशत (एक्स-ग्रेशिया) यानी न्यूनतम ₹12 हजार से अधिकतम ₹30 हजार रुपए तक बोनस मिलेगा।
- रेल कर्मियों का बोनस: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कोरबा जिले के लगभग 1200 से अधिक रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी (PLB) राशि ₹17,951 बोनस को मंजूरी दी है।
कोरबा के बाजार में बंपर खरीदारी के आसार:
त्योहारों से ठीक पहले सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा बोनस दिए जाने से कोरबा जिले के बाजारों में रौनक आएगी। CIL, रेलवे, और बालको कर्मियों को मिलने वाले भारी-भरकम बोनस और जीएसटी रिफॉर्म्स के कारण बाजार में रिकॉर्ड स्तर पर उपभोक्ता खर्च होने की उम्मीद है।