भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर जल्द लगेगी मुहर! पीयूष गोयल के दौरे के बाद वाणिज्य मंत्रालय ने कहा- सकारात्मक दिशा में बातचीत
वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता सकारात्मक दिशा में है और दोनों ही देश जल्द ही आपसी रजामंदी से व्यापार समझौता करने के लिए प्रयासरत हैं। वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 22-24 सितंबर तक अमेरिका के दौरे पर थे।
गोयल के नेतृत्व में व्यापार समझौते से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर वार्ता के अलावा वहां अमेरिकी निवेशकों के साथ भी बैठक की गई। अमेरिकी निवेशकों ने भारत की विकास गाथा को देखते हुए निवेश करने में अपनी गहरी दिलचस्पी जाहिर की।
पांच राउंड की वार्ता पूरी, जल्द पूरा होगा पहला चरण:
मंत्रालय के मुताबिक व्यापार समझौते को लेकर दोनों ही देशों के बीच सकारात्मक बैठक हुई और समझौते को अंजाम देने के लिए दोनों तरफ से सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों देशों ने इस बातचीत व प्रयास को आगे भी जारी रखने का फैसला किया है ताकि जल्द से जल्द द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा कर लिया जाए। मार्च में शुरू हुई वार्ता के अब तक पांच राउंड पूरे हो चुके हैं।
भारत पर 50% शुल्क का बोझ होगा कम:
यह समझौता भारत पर शुल्क के बोझ को कम करने में सहायक होगा। अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत का शुल्क लगा रखा है, जिसमें 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और 25 प्रतिशत शुल्क रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया है। इस समझौते से भारत पर शुल्क का यह बोझ कम हो जाएगा, जिससे भारतीय निर्यात को प्रोत्साहन मिलेगा।