फाइनल से ठीक 24 घंटे पहले टेंशन हाई! क्या हार्दिक पांड्या खेलेंगे? भारतीय टीम के अंदर की सबसे बड़ी खबर

एशिया कप के महा-फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर संशय गहरा गया है। फाइनल से ठीक पहले इन दोनों स्टार्स की अनिश्चितता ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है, खासकर तब जब हार्दिक का होना टीम के लिए संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।

चोट नहीं, क्रैम्प से परेशान हुए खिलाड़ी

श्रीलंका की पारी के पहले ओवर में ही कुशल मेंडिस का विकेट लेने के बाद हार्दिक पांड्या ने जांघ में खिंचाव महसूस किया और मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद वह मैच में वापस नहीं आए। दूसरी ओर, लगातार तीसरी हाफ सेंचुरी जड़ने वाले अभिषेक शर्मा को भी फील्डिंग के दौरान क्रैम्प के कारण कुछ देर के लिए बाहर जाना पड़ा।

हालांकि, टीम के बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्केल ने थोड़ी राहत भरी खबर दी है। उन्होंने बताया कि यह कोई गंभीर चोट नहीं है, बल्कि दुबई की अत्यधिक आर्द्र (ह्यूमिड) आबोहवा के कारण दोनों खिलाड़ियों को क्रैम्प की समस्या हुई।

मॉर्केल ने जानकारी दी, “दोनों क्रैम्प की दिक्कत से जूझ रहे थे। अभिषेक अब ठीक है, लेकिन हार्दिक को पूरी रात निगरानी में रखा जाएगा। सुबह फिटनेस टेस्ट के बाद ही फाइनल में खेलने पर फैसला होगा।” हालांकि, टीम मैनेजमेंट का दावा है कि हार्दिक की चोट ‘गंभीर नहीं’ है।

फाइनल से पहले आराम पर फोकस: हार्दिक का विकल्प कौन?

पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल से पहले भारतीय टीम आज, यानी शनिवार को कोई अभ्यास नहीं करेगी। बॉलिंग कोच मॉर्केल ने साफ कर दिया है कि इस वक्त खिलाड़ियों के लिए पूर्ण आराम और तेजी से रिकवरी सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा, “प्लेयर्स आइस बाथ ले रहे हैं… अच्छी नींद और शरीर को आराम देना सबसे अहम है।” वहीं, पाकिस्तान को एक दिन का अतिरिक्त आराम मिला है, जिससे फाइनल से पहले उन्हें थोड़ी बढ़त मिली है।

अगर हार्दिक फाइनल में नहीं खेल पाते हैं, तो टीम के बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के संतुलन पर असर पड़ेगा। ऐसे में उनकी जगह संभवतः अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में विकेट लेकर टीम को मैच में वापस लाया था। पूरे देश की निगाहें अब फाइनल से पहले होने वाले हार्दिक पांड्या के फिटनेस टेस्ट पर टिकी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *