बंदूकें और पत्थर- 4 शहरों में एक साथ हमला, बरेली हिंसा पर पुलिस का बड़ा ‘खुलासा’, तौकीर रजा हिरासत में
उत्तर प्रदेश के बरेली में कल हुए विवाद के बाद पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है और तीन दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में 9 FIR दर्ज की गई हैं और 1700 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के सुप्रीमो तौकीर रजा को भी अज्ञात स्थान पर हिरासत में लिया गया है। इस हिंसा में 17 पुलिसकर्मी समेत 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
सुनियोजित साजिश, 4 शहरों में एक साथ तनाव
पुलिस के IG के मुताबिक, बरेली शहर में 3-4 जगहों पर एक साथ हंगामा हुआ, जिसमें उपद्रवियों ने फायरिंग और पथराव किया। पुलिस ने इसे बड़ी साजिश करार दिया है। शुक्रवार को बरेली के अलावा मऊ, सहारनपुर और लखनऊ में भी विवाद भड़काने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब ऐसे लोगों पर सख्त रुख अपनाने जा रही है।
सीएम योगी हुए सख्त: ‘एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगालें, सोशल मीडिया मॉनीटरिंग करें और हर एक उपद्रवी पर कार्रवाई करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि “दशहरा बुराई और आतंक के दहन का पर्व है।” सीएम ने निर्देश दिया कि उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो कि वे दोबारा कभी ऐसी गलती के बारे में सोच भी न सकें।
सीएम ने हाल के दिनों में कानपुर नगर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, महाराजगंज, उन्नाव, सम्भल, आगरा और बरेली में हुई घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए इसे “प्रदेश का माहौल खराब करने की सुनियोजित साजिश” बताया। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान कर उनकी सम्पत्ति तक की जांच हो। उन्होंने साफ कहा कि इन जुलूसों में शामिल एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए।