‘फूल तुम्हें भेजा है खत में’ के साथ ‘I Love You’, टीचर को मैसेज कर प्यार जताने वाले प्रिंसिपल पर बड़ी कार्रवाई!
नर्मदापुरम में एक PM श्री हाई स्कूल के प्रिंसिपल पर महिला शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। प्रिंसिपल पर एक महिला टीचर से व्हाट्सएप पर प्यार का इजहार करने का आरोप है। इस पूरे मामले में प्रिंसिपल को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
मामला शासकीय पीएमश्री हाई स्कूल हथवास से जुड़ा है। यहां के प्रिंसिपल सुरेश श्रीवास्तव ने स्कूल में पदस्थ एक महिला शिक्षिका को व्हाट्सएप पर मशहूर गाने की लाइन ‘फूल तुम्हे भेजा है खत में’ के साथ ‘आई लव यू’ का मैसेज भेजकर प्यार का इजहार किया और हां/ना में जवाब भी मांग लिया। शिक्षिका ने प्रिंसिपल के आपत्तिजनक व्यवहार की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की, लेकिन शुरुआती दौर में विभाग के अधिकारी आरोपी को बचाने का प्रयास करते रहे।
चैट वायरल होने के बाद बनी जांच टीम
जब प्रिंसिपल के आपत्तिजनक मैसेज के चैट सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तब 10 दिन बाद जांच टीम बनाई गई। शिक्षिका ने 17 नवंबर को लिखित शिकायत की थी, और उसी दिन 7 शिक्षकों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रिंसिपल के दुर्व्यवहार की शिकायत की थी, बावजूद इसके अधिकारियों ने कार्रवाई में देरी की और प्रिंसिपल को बचाते रहे। शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जांच टीम ने शुक्रवार को स्कूल पहुंचकर 13 शिक्षकों के बयान लिए। शिकायत करने वाली शिक्षिका के अलावा एक अन्य शिक्षिका ने भी प्रिंसिपल द्वारा भेजे गए आपत्तिजनक मैसेज के चैट रिकॉर्ड जांच टीम को सौंपे।
‘शिक्षा मंत्री का डर’ दिखाकर करते थे प्रताड़ित
शिक्षकों ने शिकायत में बताया कि प्रिंसिपल सभी महिला शिक्षिकाओं को प्रताड़ित करते थे। वह शिक्षा मंत्री का डर दिखाकर ट्रांसफर की धमकी देते थे और रात के समय आपत्तिजनक मैसेज भेजते थे।
प्रेम में डूबे प्रिंसिपल ने शिक्षिका को मैसेज में लिखा था, “स्टाफ में सबसे ज्यादा भरोसा आप पर है, आप शिक्षिका हैं, मेरी भावनाओं को आप समझ ही गई होंगी। कसम खाओ कि किसी को नहीं बताओगी तो मैं अपनी भावनाओं को व्यक्त करुं।” प्रिंसिपल ने ‘आई लव यू’ का जवाब हां या ना में मांगा। शिक्षिका ने ‘सॉरी’ कहकर जवाब दिया और उन्हें पिता समान बताया। इससे नाराज होकर प्रिंसिपल ने शिक्षिका को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिसके बाद शिक्षिका ने 17 नवंबर को व्हाट्सएप चैट और अन्य सबूतों के साथ शिकायत कर दी।
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ज्योति प्रहलादी ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रिंसिपल के निलंबन का प्रस्ताव जेडी नर्मदापुरम को भेजा गया है।