PM मोदी के नाम से जल रहा है ‘मनोकामना ज्योत’! श्रद्धालु ने ऑनलाइन पेमेंट कर गुप्त रखा नाम, क्यों?
आमतौर पर मां गंगा मइया मंदिर में हर साल शारदीय नवरात्र के दौरान जिले सहित छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के श्रद्धालु मनोकामना ज्योत कलश प्रज्ज्वलित करवाते हैं। लेकिन इस बार की नवरात्र में एक श्रद्धालु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से ज्योत कलश प्रज्ज्वलित करवाकर सबको चौंका दिया है।
मंदिर के नए ज्योत कक्ष में क्रमांक 71ए की घी की मनोकामना ज्योत कलश प्रज्ज्वलित हो रही है। ज्योत प्रज्ज्वलित करवाने वाले श्रद्धालु ने मंदिर प्रबंधन को ऑनलाइन भुगतान किया और साथ ही अपना नाम पूरी तरह से गुप्त रखने का आग्रह किया है। बता दें कि इस साल गंगा मइया मंदिर में कुल 1,270 मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की गई हैं।
वहीं, आचार्य पंडित आकाश शास्त्री ने बताया कि इस वर्ष नवरात्र पर्व दस दिन का हो रहा है, जो 22 सितंबर से शुरू हुआ। तृतीया तिथि दो दिन होने से दिनों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को महाअष्टमी हवन-पूजन, 1 अक्टूबर को नवमी तथा 2 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) मनाया जाएगा।
इधर, शुक्रवार शाम 6 बजे के बाद जिला मुख्यालय बालोद समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेज मूसलाधार बारिश और बिजली कड़कने से मौसम ने अचानक करवट ली। इसकी वजह से माता के मंदिरों और पंडालों में भक्ति और पूजा-अर्चना में व्यवधान आया। बारिश के चलते गंगा मइया मंदिर के पीछे लगे मेले में भी लोगों की आवाजाही कम रही, जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा और आकाशी झूले सहित अन्य खेल-गेम्स बंद रहे।