‘ए नारी… बाहर निकलो!’ सब्ज़ी वाले का Unique अंदाज़ वायरल, लोग आवाज़ की कर रहे जमकर तारीफ़
सोशल मीडिया पर एक सब्ज़ी विक्रेता का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी बिक्री के तरीके से सबका ध्यान खींचा है। यह विक्रेता अपनी सब्ज़ियों की गुणवत्ता के लिए नहीं, बल्कि अपनी अनोखी आवाज़ और बेचने के स्टाइल के लिए सुर्खियों में है। उनकी आवाज़ इतनी दमदार और अनूठी है कि यह लोगों को पौराणिक धारावाहिक रामायण के रावण की याद दिला रही है।
यह विक्रेता गली-गली घूमकर सब्ज़ी बेचते हैं, लेकिन उनका प्रचार करने का तरीका पूरी तरह से अलग है। उन्होंने रामलीला के मंचन की तरह एक नाटकीय शैली अपनाई है।
रावण के अंदाज़ में सब्जी बेचना: सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में सब्ज़ी विक्रेता माइक्रोफ़ोन के ज़रिए ज़ोर से चिल्लाकर सब्ज़ी बेचते दिख रहे हैं। पहले, वह रावण की तरह ज़ोर से हँसते हैं और फिर हुंकार भरकर कहते हैं, “ए नारी… बाहर निकलो, सब्ज़ी खत्म हो रही है।” उनका यह मज़ेदार और अनूठा स्टाइल लोगों को खूब पसंद आ रहा है। सब्ज़ी विक्रेता की इस ज़बरदस्त आवाज़ और स्टाइल को देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे यह वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है।
यूजर्स की प्रतिक्रिया: यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @actor_rakesh_sahani से शेयर किया गया है। यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है, “क्या यह पाताल से सब्ज़ी बेचने आया है?” वहीं, कुछ अन्य लोग पूछ रहे हैं, “भाई, आप सब्ज़ी बेच रहे हो या महिलाओं को डरा रहे हो?” लोग इस विक्रेता के रचनात्मक तरीके की खूब तारीफ कर रहे हैं।