‘आप भी कर सकते हैं योगदान, नेता-सेलेब्रिटी आए आगे, पंजाब सरकार की अपील- मिशन चढ़दी कला से जुड़ें
पंजाब में आई पिछले 40 वर्षों की सबसे भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य सरकार ने विशेष अभियान ‘मिशन चढ़दी कला’ शुरू किया है। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य राज्य को बाढ़ की आपदा से बाहर निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) पंजाब के आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी गई है कि इस अभियान में अब विभिन्न संगठनों और उद्योगपतियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है। इसी क्रम में, श्री गणेश एडिबल्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों हंस राज गर्ग और वीरेंद्र गर्ग ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को 20 लाख रुपए का चेक भेंट किया है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद भी मौजूद थे, जो इस मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कंपनी के अधिकारियों और कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का इस उदार सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पंजाब सीएमओ कार्यालय ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए आम जनता से भी ‘मिशन चढ़दी कला’ में योगदान देने की अपील की है।
पंजाब सरकार ने सभी विभागों को बाढ़ राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटने का निर्देश दिया है। सीएम मान ने कहा है कि पंजाब सरकार लगातार लोगों की सेवा में हाजिर है। यह मिशन पंजाब सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसमें नेता से लेकर आम नागरिक और सेलिब्रिटी तक अपनी भागीदारी देकर इस आपदा से उबरने में मदद कर रहे हैं। यदि आप भी इस अभियान में शामिल होना चाहते हैं, तो पंजाब सरकार की ऑफिशियल वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।