अमेरिका के रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग, नाव से आकर भीड़ पर गोलियां बरसाईं, 3 की मौत और कई घायल

अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना स्थित एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच तेज कर दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय समयानुसार शनिवार रात लगभग 9:30 बजे विलमिंगटन से लगभग 20 मील दक्षिण में, साउथपोर्ट यॉट बेसिन क्षेत्र में स्थित अमेरिकन फिश कंपनी नामक एक लोकप्रिय पब और रेस्टोरेंट में यह गोलीबारी हुई।

नाव से आकर किया हमला: सिटी मैनेजर नोआ साल्डो ने इस बात की पुष्टि की कि एक नाव रेस्टोरेंट के पास आकर रुकी और भीड़ पर फायरिंग की जाने लगी, जिसके बाद नाव घटनास्थल से तेजी से निकल गई। पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान कम से कम सात लोगों को गोली लगी, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि घायलों की सटीक संख्या और स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है और संभव है कि ये आंकड़े बदल सकते हैं।

नगर प्रशासन ने निवासियों से उस क्षेत्र से दूर और घर के अंदर रहने की अपील की है, साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत 911 पर सूचना देने का आग्रह किया है। ब्रंसविक काउंटी शेरिफ कार्यालय ने पुष्टि की है कि वे साउथपोर्ट पुलिस विभाग की सहायता कर रहे हैं। अमेरिकन फिश कंपनी के पास घटी इस घटना की जांच जारी है और अधिकारी संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *