सदमे में पंजाबी इंडस्ट्री, गिप्पी ग्रेवाल, जस बाजवा सहित कई स्टार्स अस्पताल पहुंचे, फैंस कर रहे प्रार्थना
मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शिमला जा रहे राजवीर शनिवार को एक भयानक सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फ़िलहाल, सिंगर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद सिंगर को तत्काल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। डॉक्टरों के अनुसार, सिंगर की रीढ़ की हड्डी (Spinal Cord) में गंभीर चोट आई है। इसके साथ ही, वेंटिलेटर पर ले जाने से ठीक पहले उन्हें दिल का दौरा (Heart Attack) भी पड़ गया था।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों ने बयान में कहा है, “राजवीर फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है।” यह खबर सुनकर उनके फैंस का दिल टूट गया है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
पंजाबी इंडस्ट्री के कई दिग्गज सिंगर्स, जिनमें जस बाजवा, गिप्पी ग्रेवाल, कंवर ग्रेवाल और कुलविंदर बिल्ला शामिल हैं, राजवीर का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुँचे।
कौन हैं राजवीर जवंदा? राजवीर जवंदा पंजाबी इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर्स और एक्टर हैं। उनके हिट गानों की लिस्ट में ‘मुकाबला’, ‘सरनेम’, ‘पटियाला शाही पग’, और ‘लैंडलॉर्ड’ जैसे लोकप्रिय सॉन्ग शामिल हैं।