UP में फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश, शासन-प्रशासन के खिलाफ उकसावे का जिक्र, पुलिस ने संभाली स्थिति
यूपी के बरेली के बाद, कानपुर में भी शुक्रवार को माहौल बिगाड़ने की साजिश रची गई थी। जिस तरह बरेली में भड़काऊ ऑडियो वायरल होने के बाद भीड़ जमा हुई थी, ठीक उसी तरह कानपुर के रेल बाजार इलाके में जुमे की नमाज के बाद एक भड़काऊ ऑडियो वायरल किया गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और इंटेलिजेंस की सक्रियता के चलते स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया।
चौकी इंचार्ज सुजातगंज की तहरीर पर, एक नामजद आरोपी समेत 25 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को नमाज समाप्त होने के बाद जब लोग घर लौट रहे थे, तभी मदर होटल तिराहा निवासी जुबेर अहमद खान उर्फ जुबेर गाजी ने यह ऑडियो वायरल किया। ऑडियो में एक विशेष समुदाय के लोगों को ‘शासन-प्रशासन के विरुद्ध उकसाकर दंगा कराने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने’ की साजिश का जिक्र था।
ऑडियो वायरल होते ही समुदाय विशेष के कुछ लोग एकत्र होने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख, पुलिस अधिकारियों ने तुरंत भीड़ को शांत किया और उन्हें शांतिपूर्वक घर वापस भेज दिया। चौकी प्रभारी ने कहा कि यदि समय रहते हस्तक्षेप न किया जाता तो इलाके का माहौल बिगड़ सकता था।
रेलबाजार थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि चौकी प्रभारी की तहरीर पर जुबेर गाजी और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब वायरल ऑडियो की जांच कर रही है, वहीं मुख्य आरोपी जुबेर गाजी को गिरफ्तार कर लिया गया है।