दिल्ली में विशेष आयोजन, पीयूष गोयल करेंगे श्रवण, ‘मन की बात’ से पहले कार्यकर्ताओं को अहम संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, रविवार सुबह 11 बजे अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करेंगे। हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम जनसंचार की एक प्रमुख पहल बन चुका है, जिससे प्रधानमंत्री सीधे भारत के लोगों से जुड़ पाते हैं।
इस अवसर पर दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट मोती बाग स्थित एनडीएमसी लाइब्रेरी में एक विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस कार्यक्रम को सुनेंगे। इस आयोजन में एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल भी उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने सभी वर्तमान पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ताओं से सुबह 10:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
अक्टूबर 2014 में अपनी शुरुआत के बाद से ‘मन की बात’ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा करती रही है। इस कार्यक्रम ने नागरिक-संचालित आंदोलनों को प्रोत्साहित करने और देश भर के गुमनाम नायकों की कहानियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पिछले एपिसोड में प्रधानमंत्री ने बिहार की ‘सोलर दीदी’ देवकी की कहानी बताई थी। इसके अलावा, उन्होंने सैनिकों के बारे में जानकारी रखने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड, कश्मीर के ‘खेलो इंडिया’ विजेता मोहसिन अली और ओडिशा की कैनोइंग खिलाड़ी रश्मिता साहू से भी बात की थी। आज यह देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी इस बार किन नए विषयों और प्रेरक कहानियों को देश के सामने लाते हैं।