“10 हजार की थी इजाजत, पहुंच गए 9 गुना ज्यादा!”-विजय ने किया मुआवजे का ऐलान
तमिलनाडु के करूर में तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) के संस्थापक ‘थलपति’ विजय की जनसभा में हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या 39 हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद, अभिनेता-राजनेता विजय ने न केवल एक्स हैंडल पर शोक व्यक्त किया, बल्कि अब उन्होंने पीड़ितों के परिवारों और घायलों के लिए भारी वित्तीय सहायता की घोषणा की है।
विजय ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में घोषणा की कि मृतकों के परिवारों को ₹20 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज के लिए ₹2 लाख दिए जाएंगे।
विजय ने अपने पोस्ट में क्या लिखा: विजय ने लिखा, “यह क्षति अपूरणीय है। कोई कुछ भी कहे, अपनों को खोने का दर्द असहनीय है। लेकिन, मैं आपके परिवार के एक सदस्य के रूप में यह घोषणा करता हूं कि हम मृतकों के परिवारों को ₹20 लाख की आर्थिक सहायता देंगे। घायलों के इलाज के लिए भी ₹2 लाख दिए जाएंगे। हालांकि, जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई किसी भी वित्तीय सहायता से नहीं हो सकती है। मैं महसूस करता हूं कि इस समय आपके परिवार के सदस्य के रूप में आपके साथ खड़ा होना आवश्यक है।” इससे पहले, उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए लिखा था, “मेरा दिल टूट गया है; मैं असहनीय, अवर्णनीय दर्द और दुख में हूँ जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।“
भीड़ बेकाबू क्यों हुई: प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, विजय की सभा के लिए पार्टी ने केवल 10 हजार लोगों के जुटने की अनुमति मांगी थी। लेकिन शुरुआती जानकारी बताती है कि सभा में जुटी भीड़ इसकी कम से कम नौ गुना ज्यादा थी। अभिनेता-राजनेता की सभा में भारी भीड़ जुटने के कारण पुलिस भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पाई। बताया गया है कि विजय सभा में लगभग छह घंटे की देरी से पहुंचे थे। वह बस की छत से भाषण दे रहे थे। भीड़ में कुछ लोगों के बेहोश होने की खबर सुनकर विजय ने मंच से पानी की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्हीं बोतलों को लेने के लिए लोगों में भगदड़ मच गई, जिससे यह दुखद घटना हुई।