यूपी में दबंगों का दुस्साहस, घर में घुसकर मिर्ची पाउडर डाला, पुलिस ने शिकायत सुनने के बजाय उल्टा महिलाओं को पिटवाया

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक घर में घुसकर हमला करने और मारपीट करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी बात सुनना तो दूर, बल्कि उलटा उन्हीं के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

दबंगों ने मिर्ची पाउडर से किया हमला

फतेहपुर निवासी घनश्याम रैकवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात उनके घर पर उनकी पत्नी, बहू और बेटी सहित तीन साल का बच्चा अकेले थे। तभी रात के वक्त 2 दबंग अपनी बेटी सहित घर पर आए। उन्होंने परिवार के सदस्यों की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दी और फिर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद वे टोड़ीफतेहपुर थाने पहुंचे और उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) मंगला सिंह को पूरी बात बताई।

सब-इंस्पेक्टर पर लगे गंभीर आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उपनिरीक्षक मंगला सिंह नशे की हालत में थे। उन्होंने न सिर्फ उनकी शिकायत नहीं सुनी, बल्कि महिला सिपाहियों से उनके परिवार की महिलाओं को पिटवा दिया। परिवार ने दावा किया है कि इस मारपीट का वीडियो सबूत के रूप में 26 सितंबर 2025 की रात 10:20 बजे से 12 बजे के बीच थाने के सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

पीड़ित परिवार ने मांग की है कि सबसे पहले उन दबंगों पर कार्रवाई हो, जिन्होंने घर पर आकर मारपीट की, जिसका वीडियो सबूत उनके पास है। दूसरा, उन पुलिसकर्मियों पर भी एक्शन लिया जाए, जिन्होंने शिकायत सुनने के बजाय उनसे ही मारपीट की।

पुलिस का पक्ष

इस संबंध में थाना अध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने बताया कि झगड़ा दोनों पक्षों के बीच हुआ था। दूसरे पक्ष की एक युवती को गंभीर चोट लगी है, जिसका इलाज चल रहा है। आरोप लगा रहे पक्ष की महिलाओं के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। उन्होंने हल्का इंचार्ज पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *