रणजी ट्रॉफी 2025-26, ईशान किशन संभालेंगे झारखंड टीम की कमान, 17 सदस्यीय सीनियर टीम घोषित
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने बीसीसीआई डोमेस्टिक रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए सीनियर मेन्स टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 अक्टूबर 2025 से शुरू होगा, जो देश के प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करेगा।
टीम का चयन खिलाड़ियों की वर्तमान फॉर्म, पिछले प्रदर्शन, फिटनेस और अनुभव को ध्यान में रखकर किया गया है। JSCA ने पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि टीम में युवा और अनुभवी दोनों तरह के खिलाड़ियों का संतुलन बनाए रखा गया है ताकि रणजी ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
टीम का नेतृत्व अनुभवी बल्लेबाज ईशान किशन करेंगे, जिन्हें कप्तान चुना गया है। वहीं, विराट सिंह को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपर के रूप में कुमार कुशाग्र भी टीम में शामिल हैं। इस बार टीम में कुल 17 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिनमें से कुछ खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही अंतिम रूप से खेलेंगे।
झारखंड के 17 सदस्यीय रणजी टीम की सूची:
शरणदीप सिंह, शिखर मोहन, ईशान किशन (कैप्टन), विराट सिंह (वाइस कैप्टन), कुमार कुशाग्र (WK), कुमार सूरज, अनुकुल रॉय, मनीषी, विकास कुमार, जतिन कुमार पांडे, विकाश सिंह, आदित्य सिंह, साहिल राज, शुभम सिंह, आर्यमन सेन, ऋषव राज और सुशांत मिश्रा (फिटनेस पर निर्भर)।
JSCA के प्रबंधक ने कहा कि यह टीम राज्य की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। संघ ने चयनित खिलाड़ियों से उम्मीद जताई है कि वे अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन के माध्यम से टीम को विजयी बनाने में योगदान देंगे और झारखंड क्रिकेट के गौरव को बढ़ाएंगे। JSCA के मानद सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि यह टीम विभिन्न क्षेत्रों और जिलों से खिलाड़ियों को शामिल कर तैयार की गई है, और सभी खिलाड़ी अपनी विशेषताओं के आधार पर चयनित हुए हैं।