35 हजार स्काउट्स-गाइड्स का महाकुंभ, PM मोदी करेंगे उद्घाटन, 29 सितंबर को भूमि पूजन के साथ तैयारियों का शंखनाद

उत्तर प्रदेश के इतिहास में एक बार फिर नई उपलब्धि जुड़ने जा रही है। 61 साल बाद भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन इस बार लखनऊ की धरती पर होगा। राजधानी के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में सोमवार (29 सितंबर) को भूमि पूजन के साथ तैयारियों का शंखनाद होगा। महज 55 दिन में यहां एक अद्वितीय ‘टेंट सिटी’ आकार ले लेगी, जो 35 हजार स्काउट्स-गाइड्स की विश्वस्तरीय मेजबानी करेगी।

आज होगा भूमि पूजन, शुभंकर और लोगो का विमोचन:

सोमवार सुबह 11:30 बजे वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भूमि पूजन करेंगे। इसी मंच से 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का शुभंकर (Mascot) और आधिकारिक लोगो भी लॉन्च होगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, संदीप सिंह, गुलाब देवी और डॉ. महेंद्र सिंह शामिल होंगे।

इस टेंट सिटी में लगभग 3500 टेंट, 64 रसोई, 1600 शौचालय, 100 दुकानों वाली मार्केट और विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 100 बिस्तरों का अस्पताल और 15 डिस्पेंसरी होंगी। परिसर को पूरी तरह प्लास्टिक फ्री और ग्रीन एनर्जी पर आधारित रखा जाएगा।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राष्ट्रपति करेंगी समापन:

बता दें कि 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्बूरी का उद्घाटन करेंगे, जबकि 28 नवंबर को राष्ट्रपति समापन करेंगी। यह आयोजन युवाओं को नेतृत्व, टीमवर्क, अनुशासन और सेवा जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर देगा।

पिछली बार 1964 में प्रयागराज ने जम्बूरी की मेजबानी की थी। अब करीब 61 साल बाद यह सौभाग्य योगी सरकार के प्रयासों से दोबारा उत्तर प्रदेश को मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन यह साबित करेगा कि यूपी अब राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *