कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर विवाद, $6 लोगों ने मांगा हर्जाना, नहीं मिला तो ड्राइवर को जबरन गाड़ी में बिठाया
हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर पट्टा के पास एक ट्रक और कार की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने कथित तौर पर ट्रक चालक का अपहरण कर लिया। हालाँकि, पंडोह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चालक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है और इस घटना में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुई सुराड़ निवासी अजय कुमार बीती रात पंजाब से खाली ट्रक (HP 24K-0433) लेकर वापस लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे पट्टा के पास ट्रक की एक पंजाब नंबर की कार से टक्कर हो गई, जिससे कार को नुकसान पहुँचा। विवाद के दौरान कार सवारों ने नौणी के पास ट्रक रोककर अजय से नुकसान की भरपाई मांगी।
ट्रक चालक ने मालिक से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद आरोपित बहाने से अजय को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाकर पंडोह की ओर ले गए।
रास्ते में एक ढाबा मालिक ने अजय को संदिग्ध अवस्था में देखा और शक होने पर पूछताछ की। अजय ने पूरी बात बताई, जिस पर ढाबा मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पंडोह पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 6 लोगों को धर दबोचा और ट्रक चालक को सुरक्षित आजाद कराया। डीएसपी मुख्यालय और पुलिस प्रवक्ता मदन धीमान ने घटना की पुष्टि की है।