यूपी बना विमेन-एंटरप्रेन्योरशिप का नया हब! कानपुर की संगीता से लेकर दिल्ली की श्रुति तक, ब्रांड्स को मिली इंटरनेशनल पहचान
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025 ने इस बार महिला उद्यमियों के आत्मविश्वास और संभावनाओं को नई ऊँचाइयाँ दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा तैयार किए गए बिजनेस-फ्रेंडली माहौल और महिलाओं को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों का सकारात्मक असर इस इवेंट में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस कार्यक्रम में देश और विदेश से आए बायर्स के साथ महिला उद्यमियों ने महत्वपूर्ण डील्स साइन कीं, जिससे उनके ब्रांड्स को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। UPITS 2025 ने साबित कर दिया कि सही नीतियाँ और मजबूत नेतृत्व महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर सकते हैं।
विदेशी बायर्स से मिली रिकॉर्ड सकारात्मक प्रतिक्रिया
कानपुर की उद्यमी संगीता सिंह ने UPITS 2025 में अपनी सफलता साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन उनके लिए बेहद लाभकारी रहा। लगातार तीसरे वर्ष इवेंट में भाग ले रहीं संगीता ने कहा कि इस बार भी उन्हें विदेशी बायर्स से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने शनिवार को 10 हजार डॉलर का एमओयू (MOU) साइन किया। संगीता ने मोदी और योगी सरकार की महिला प्रोत्साहन नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल कायम हो रही है।
दिल्ली एनसीआर की श्रुति चंडक ने भी UPITS में विदेशी बायर्स के साथ महत्वपूर्ण डील साइन की और एमओयू किया। उन्होंने सीएम योगी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों के कारण उन्हें अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिला।
कॉरिस क्वीन प्रा. लि. की रबलीन कौर ने बताया कि यह उनका UPITS में पहला अनुभव है और उन्हें इस दौरान कई अच्छी बिजनेस डील्स मिलीं, जिनमें से कुछ एमओयू में बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का माहौल महिला उद्यमियों के लिए अत्यंत अनुकूल है और सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।
महिला सशक्तिकरण आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना असंभव
विदेशी महिला बायर्स ने भी योगी सरकार के प्रयासों की तारीफ की। मॉरीशस की एक कंपनी ने रबलीन के साथ एमओयू साइन किया और कहा कि यहाँ प्रदर्शित प्रोडक्ट्स वर्ल्ड क्लास हैं और विदेशों में भी उनकी मांग निश्चित रूप से रहेगी।
प्रदेश सरकार द्वारा लागू ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ नीतियों से महिला उद्यमियों को विशेष लाभ मिल रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम, निवेश प्रक्रिया को आसान बनाना, और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले प्रोत्साहन पैकेज उत्तर प्रदेश को महिला उद्यमियों के लिए नई संभावनाओं का केंद्र बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट मानना है कि महिला सशक्तिकरण आर्थिक आत्मनिर्भरता के बिना संभव नहीं है। इसी दृष्टिकोण के तहत सरकार ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन, लोन सुविधाएँ, स्किल डेवलपमेंट और मार्केट एक्सेस जैसी सुविधाएँ प्रदान की हैं।