सीएम रेखा गुप्ता का AAP पर तीखा हमला, ‘शिक्षा पर काम नहीं किया, रील बनाने वालों को अगले साल स्विमिंग का मौका नहीं मिलेगा’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को यमुनापार के लोगों को 300 नई DEVI (दिल्ली इलेक्ट्रिक ह्वीकल इंटरकनेक्टर) बसों की सौगात दी। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्या दूर करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर नए रूट तय किए गए हैं। नई बसों के शामिल होने के बाद अब डीटीसी (DTC) के बेड़े में कुल 974 DEVI बसें हो गई हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “कई इलाकों में बसें होने के बावजूद कनेक्टिविटी कमजोर थी। यात्रा करने में लंबा समय लगता था और भीड़ भी ज्यादा रहती थी। इसी चुनौती को दूर करने के लिए आईआईटी दिल्ली के सहयोग से वैज्ञानिक अध्ययन किया गया, जिसके बाद ये नए रूट बनाए गए। ये नई DEVI बसें यमुनापार को राजधानी के हर कोने से जोड़ेंगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा संकल्प है कि हर दिल्लीवासी को बराबर की सुविधा और सम्मान मिले। केंद्र और राज्य सरकार हमेशा जनता के साथ खड़ी है।”
पिछली AAP सरकार पर साधा निशाना:
दिल्ली सीएम ने आम आदमी पार्टी (AAP) की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यमुना पार्क, ट्रांस यमुना और यहाँ तक कि जो ट्रांस यमुना डेवलपमेंट बोर्ड था, उसे भी पिछली सरकार के कार्यकाल में बंद कर दिया गया था, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। आज हमने यमुना पार को 300 इलेक्ट्रिक बसें दी हैं, साथ ही आईआईटी दिल्ली के साथ पूरे रूट को भी बदल दिया है।”
ऑटोमेटिक पेमेंट और सुरक्षा पर ज़ोर:
उन्होंने बताया, “इन DEVI बसों में कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसमें पेमेंट का मोड भी ऑटोमेटिक कर दिया गया है, जिससे किसी को कोई परेशानी न हो और वे आराम से यात्रा कर सकें।”
पटपड़गंज के पूर्व विधायक मनीष सिसोदिया पर हमला बोलते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, “शिक्षा की बात करने वाले ने शिक्षा पर कोई काम नहीं किया। आज भी दिल्ली में टिन शेड के अंदर पढ़ाई हो रही है। जहाँ तक जलभराव की बात है, तो उनके लोग रील बनाने के लिए स्विमिंग करते हैं। मैं उनको यह बता दूँ कि अगले साल उन्हें यह मौका नहीं मिलेगा।”