शिक्षा और स्वास्थ्य में दिया विशिष्ट योगदान! समाजसेवा के लिए उद्योगपति प्रदीप सैनी को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मान दिवस कार्यक्रम में पिहोवा के समाजसेवी एवं सुप्रसिद्ध उद्योगपति प्रदीप सैनी को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए उनके विशिष्ट योगदान के लिए दिया गया।
प्रदीप सैनी और उनका परिवार लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे नेक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। वे समय-समय पर गरीब विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहयोग, असहाय परिवारों को आर्थिक मदद और सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर समाज के लिए एक प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल प्रदीप सैनी की निस्वार्थ समाजसेवा की पहचान है, बल्कि यह पूरे पिहोवा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत प्रदीप सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने की प्रेरणा देगा।