मां दुर्गा के बोधन पर पाकिस्तान का विसर्जन! एशिया कप चैंपियन बना भारत, तिलक-कुलदीप बने हीरो

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर भारत ने एशिया कप का खिताब जीता। मां दुर्गा के बोधन के दिन मिली इस शानदार जीत से पूरे देश में नवरात्रि और दुर्गा पूजा का उत्साह और बढ़ गया है। यह जीत महाद्वीप में टीम इंडिया की श्रेष्ठता को साबित करती है। फाइनल मुकाबले में युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा (69 नाबाद) और स्पिनर कुलदीप यादव (4/30) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पहले, कुलदीप की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान को 146 रन पर समेटा। बाद में, तिलक ने दबाव में शानदार पारी खेलकर भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया, जिसमें शिवम दुबे ने उनका अच्छा साथ दिया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआती अच्छी साझेदारी के बाद, 13वें ओवर से पाकिस्तान की बल्लेबाजी में गिरावट शुरू हुई। कुलदीप यादव के फिरकी के जादू से उन्होंने अगले 5 ओवर में 7 विकेट गंवाए और 19.1 ओवर में 146 रन पर ऑल आउट हो गए। जवाब में, अभिषेक शर्मा (5) और सूर्यकुमार यादव (1) जल्दी आउट हो गए। हालांकि, तिलक वर्मा ने संयमित और सुनियोजित बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला। उनकी बेहतरीन पारी और अंत में रिंकू सिंह के विजयी चौके ने भारत को 5 विकेट से जीत दिला दी, जबकि पाकिस्तान को हार की हैट्रिक का सामना करना पड़ा।