लापरवाही बनी मौत का सबब! खारुन नदी के उफान में डूबा 13 साल का छात्र, धमतरी में भी ग्रामीण के डूबने से हड़कंप
उत्तर प्रदेश के कुम्हारी थाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बच्चों ने बताया कि उनका साथी खारुन नदी के अटारी एनीकट के गहरे पानी में डूब गया है। लापता छात्र का नाम गजेंद्र पटेल (13 साल) है, जो 7वीं कक्षा में पढ़ता है और महामायापारा का निवासी है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल SDRF टीम को जानकारी दी।
दोस्तों की बात नहीं मानी छात्र ने:
SDRF टीम कुम्हारी के प्रभारी योगेश्वर वर्मा ने बताया कि लापता छात्र अपने तीन-चार साथियों के साथ घर से घूमने निकला था और घूमते हुए वे खारुन नदी पर बने अटारी एनीकट पहुंचे। वहां गजेंद्र ने नहाने की बात कही। बाकी छात्रों ने उसे नहाने से रोका लेकिन वह नहीं माना और एनीकट में उतर गया। पानी गहरा होने की वजह से वह डूबने लगा।
साथी छात्रों ने बताया कि मदद के लिए गजेंद्र ने आवाज लगाई, लेकिन वे मदद नहीं कर पाए। डरकर साथी छात्रों ने तुरंत घटना की सूचना परिवारवालों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और SDRF टीम को बुलाया गया। छात्र की तलाश करते करते रात हो गई, जिसके कारण अंधेरे की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। आज सुबह से SDRF की टीम फिर से खारुन नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए उतर चुकी है और लापता छात्र की तलाश की जा रही है।
धमतरी में भी हुई ऐसी ही दुर्घटना:
गौरतलब है कि 27 सितंबर को धमतरी में भी एक ग्रामीण खारुन नदी में डूब गया था। लगातार हो रही बारिश की वजह से सभी नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में भखारा थाना इलाके में नदी में नहाने उतरा युवक तेज धारा में फंसकर बह गया था, जिसकी तलाश भी जारी है। छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन रही है।