बिहार के रोहतास में भीषण हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत

बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तिलौथू-डेहरी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट एक अनियंत्रित ट्रक और एक ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक ओवरलोडेड था और डेहरी की ओर जा रहा था। तिलौथू पेट्रोल पंप के पास ट्रक ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सभी मृतक औरंगाबाद जिले के नबीनगर के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान चितरंजन यादव उर्फ अंशु, सोनाक्षी कुमारी (10) और आयुष कुमार (8) के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। नवरात्रि के सप्तमी के दिन हुए इस हादसे के बाद मृतकों के घर पर दशहरा की खुशी मातम में बदल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *