सूर्या के मैच फीस दान के बाद भी AAP नेता का वार, ‘अगर औकात है तो पूरी कमाई शहीदों की विधवाओं को दो’

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों से हुई कमाई को लेकर एक बड़ा और तीखा सवाल खड़ा किया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के मैच फीस दान करने के ऐलान के बाद भी यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

सौरभ भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “सिर्फ भारत-पाकिस्तान मैचों से कुल कमाई 490 करोड़ से 630 करोड़ के बीच हुई। अगर पहलगाम हमले के पीड़ित परिवारों में वो पैसा बांटा जायेगा तो हर परिवार को 19-25 करोड़ मिलेगा। भाजपा सरकार देगी?

पहले सूर्यकुमार यादव को दिया था चैलेंज:

इससे पहले, सौरभ भारद्वाज ने क्रिकेटर और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को खुला चैलेंज दिया था। उन्होंने कहा था, “अगर तुम्हारी औकात है और तुम्हारे बीसीसीआई और आईसीसी की औकात है तो तुम्हें चुनौती देते हैं कि जितना पैसा तुमने ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, एडवरटाइजर्स से कमाया है, और इस क्रिकेट के पूरे धंधे में कमाया है, वो शहीदों की विधवाओं, उन 26 औरतों को दे दो। हम भी मान लेंगे कि तुमने डेडिकेट किया है। हिम्मत और औकात नहीं है इनकी कि ऐसा कर सकें। कुछ भी बोल दोगे कि उसको डेडिकेट कर देंगे या इसको डेडिकेट कर देंगे। ये बहुत शर्म की बात है।”

सूर्यकुमार का जवाब और नया राजनीतिक रुख:

सूर्यकुमार यादव ने दुबई में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद घोषणा की थी कि वह टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को दान करेंगे। सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस टूर्नामेंट की अपनी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे।”

सूर्यकुमार यादव के इस कदम को सीधे तौर पर आप नेता सौरभ भारद्वाज के जवाब के रूप में देखा गया। हालांकि, सूर्यकुमार के इस ऐलान के बाद अब सौरभ भारद्वाज ने भारत-पाकिस्तान मैचों से हुई कुल कमाई को लेकर सीधा सवाल बीजेपी सरकार पर दाग दिया है। इस मामले को लेकर अब राजनीति शुरू हो सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *