यशराज फिल्म्स के साथ दूसरी बड़ी हिट की तैयारी, चंकी पांडे के भतीजे अहान की अगली फिल्म में होगा ‘एक्शन और रोमांस’

चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे अपनी डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब रोमांस हीरो की इमेज से हटकर एक्शन के क्षेत्र में कदम रखने जा रहे हैं। मोहित सूरी निर्देशित और यशराज फिल्म्स (YRF) के बैनर तले बनी उनकी यह पहली फिल्म कम बजट होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी, जिसने अहान को रातोंरात स्टार बना दिया था।

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, अहान पांडे ने अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट के लिए बॉलीवुड के सफल डायरेक्टर अली अब्बास जफर (Ali Abbas Zafar) के साथ हाथ मिलाया है। ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके अली अब्बास जफर की यह फिल्म भी यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनेगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें एक्शन के साथ रोमांस का तड़का भी होगा।

आदित्य चोपड़ा का मास्टर प्लान!

खबर है कि अहान की कास्टिंग के पीछे आदित्य चोपड़ा (Aditya Chopra) का सुझाव था। चोपड़ा का मानना था कि अहान पांडे को अभी ज्यादा एक्सपोजर नहीं मिला है, इसलिए उनकी मौजूदगी इस फिल्म को और भी दिलचस्प बना सकती है। फिल्म की स्क्रिप्ट लॉक हो चुकी है और म्यूजिक पर काम शुरू हो गया है। मेकर्स की योजना है कि शूटिंग 2026 की पहली तिमाही (First Quarter) में शुरू हो जाए।

‘सैयारा’ में अपनी रोमांटिक परफॉर्मेंस से दर्शकों को प्रभावित करने वाले अहान अब एक्शन रोमांस की शैली में नजर आएंगे। फिल्म में उनकी भूमिका में रोमांस, ड्रामा और एक्शन का एक बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। यशराज फिल्म्स के साथ यह अहान की दूसरी फिल्म होगी। अली अब्बास जफर की डायरेक्शन शैली दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखती है, और इस नई फिल्म में भी यही उम्मीद की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *