’22 हजार लगाकर 25.5 लाख कमाएं’! निर्मला सीतारमण के नाम पर वायरल हो रहे वीडियो का सच PIB ने किया उजागर
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक ऐसे निवेश प्लेटफॉर्म का प्रचार किया है, जहां केवल 22,000 रुपये निवेश करने पर 25.5 लाख रुपये महीना कमाए जा सकते हैं। यह वीडियो देखने वालों को “जल्दी अमीर बनने का शॉर्टकट” लग सकता है, लेकिन हकीकत में यह एक बड़ा धोखा है।
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) फैक्ट चेक टीम ने इस वीडियो को पूरी तरह फर्जी और डिजिटल रूप से बदला हुआ बताया है। PIB ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर स्पष्ट किया: “क्या यह सच हो सकता है? फिर से सोचें! एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक निवेश प्लेटफॉर्म को प्रमोट कर रही हैं… यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है।”
सरकार या वित्त मंत्री का कोई संबंध नहीं
PIB ने साफ कर दिया है कि भारत सरकार या वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का किसी भी ऐसे प्लेटफॉर्म या योजना से कोई संबंध नहीं है। लोगों को आगाह किया गया है कि वे ऐसे लुभावने निवेश ऑफर्स से बचें और किसी भी संदिग्ध योजना में पैसा न लगाएं।
पहले भी फैलाया गया था ऐसा झूठ
यह पहली बार नहीं है जब इस तरह के फर्जी वीडियो वायरल हुए हैं। इससे पहले भी एक क्लिप सामने आया था, जिसमें दावा किया गया था कि 22,000 रुपये निवेश करके 60,000 रुपये प्रतिदिन और 10 लाख रुपये प्रति माह कमाए जा सकते हैं। उस वीडियो को भी फैक्ट चेक एजेंसी ने डिजिटल रूप से बदला गया और धोखाधड़ी भरा बताया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि ठग लोग अक्सर नामी-गिरामी नेताओं और मशहूर हस्तियों के फर्जी वीडियो बनाकर जनता को लुभाने की कोशिश करते हैं। इसलिए, किसी भी योजना में निवेश करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करना बेहद जरूरी है।