खूनी गड्ढा! बेंगलुरु में गड्ढे से बचने की कोशिश में 22 साल की छात्रा की टिपर ट्रक से कुचलकर मौत, ड्राइवर फरार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु में एक और गड्ढा बड़े हादसे का कारण बन गया। सोमवार को उत्तर बेंगलुरु के अवलाहल्ली इलाके के बुदिगेरे क्रॉस के पास 22 साल की बी.कॉम छात्रा धनुष्री की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, धनुष्री अपनी स्कूटी से कॉलेज जा रही थी। रास्ते में गड्ढे से बचने के लिए उन्होंने जैसे ही अचानक दिशा बदली, वह सड़क पर गिर गईं। पीछे से आ रहे एक टिपर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि युवती का सिर ट्रक के पहियों के नीचे आकर कुचल गया

ट्रक चालक फरार, मामला दर्ज

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। अवलाहल्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज किया है और आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। चूँकि बुदिगेरे रोड केआर पुरम ट्रैफिक पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए वे भी मामले की जांच कर रहे हैं।

धनुष्री का शव पोस्टमार्टम के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने सभी गड्ढे भरने के लिए अधिकारियों को 30 दिन की समयसीमा दी थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि लापरवाही पाए जाने पर नगर निगमों के आयुक्त और मुख्य अभियंता जवाबदेह होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *