इंटरनेट बंदी से थमा व्यापार, करोड़ों का नुकसान, मुख्य आरोपी नदीम खान ने कैसे रची थी बरेली में हिंसा की साजिश?
उत्तर प्रदेश के बरेली में “आई लव मोहम्मद” विवाद को लेकर हुई हिंसा की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने इस घटना के मुख्य साजिशकर्ता नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे उसने 26 सितंबर की घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी से छीना था। इसके अलावा एक वायरलेस सेट भी जब्त किया गया है।
हिंसा की साजिश और उकसावा
एसएसपी ने मीडिया को जानकारी दी कि नदीम खान और उसके सहयोगियों ने भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया और व्हाट्सएप का सहारा लिया। आरोपी नदीम ने यह माना है कि एक अपील पत्र, जिस पर उसके, डॉ. नफीस और लियाकत के हस्ताक्षर थे, लोगों में फैलाया गया था। हालांकि, पूछताछ में उसने यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि उस पत्र पर हस्ताक्षर उसके नहीं हैं। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी लियाकत की तलाश में जुटी है।
अब तक 56 लोग गिरफ्तार
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अब तक इस मामले में 56 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें नदीम खान के अलावा जफरुद्दीन नामक आरोपी भी शामिल है, जिसके पास से हिंसा में इस्तेमाल किया गया एक हथियार बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों का मकसद जनता को भड़काना, पुलिस को गुमराह करना और कानून-व्यवस्था को तोड़ना था।
पुलिस ने साफ किया है कि हिंसा फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। एसएसपी ने कहा कि हालात पर नियंत्रण है, लेकिन जो लोग कानून तोड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
इंटरनेट बंदी से करोड़ों का नुकसान
26 सितंबर को ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान के समर्थन में प्रदर्शन की अनुमति न मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई थी, जिसके बाद पथराव, तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 180 नामजद और 2,500 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
हिंसा के बाद प्रशासन ने एहतियातन तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। पिछले तीन दिनों से इंटरनेट बंद रहने का सीधा असर व्यापार और बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारियों तक का कारोबार ठप हो गया है। एटीएम और ऑनलाइन ट्रांजिक्शन बंद होने से व्यापार जगत को करोड़ों का नुकसान हो चुका है और आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी थम सी गई है।