बिहार इलेक्शन में गेमचेंजर बनेंगे ये १४ लाख युवा! फाइनल वोटर लिस्ट जारी, जानें कब होगा तारीखों का ऐलान
बिहार विधानसभा चुनाव २०२५ की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। चुनाव प्रक्रिया का सबसे अहम पड़ाव, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज, ३० सितंबर (मंगलवार) को किया जाएगा। चुनाव आयोग (ECI) इस फाइनल लिस्ट को ऑनलाइन भी उपलब्ध कराएगा, ताकि हर वोटर यह सुनिश्चित कर सके कि उसका नाम लिस्ट में है या नहीं।
इस बार की वोटर लिस्ट में लगभग ७.३ करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल होने का अनुमान है, जिनमें से करीब १४ लाख नए वोटर पहली बार अपना मत डालेंगे। जून महीने से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के बाद यह सूची तैयार हुई है। अगस्त में जारी ड्राफ्ट लिस्ट में लगभग ६५ लाख नाम हटाए गए थे, जिनमें मृतक, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाता शामिल थे। ३० सितंबर को फाइनल लिस्ट जारी होने के साथ ही चुनावी बिगुल औपचारिक रूप से बजने की तैयारी है।
ऑनलाइन वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें?
अब आपको नाम चेक करने के लिए किसी सरकारी दफ्तर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। चुनाव आयोग ने इसे पूरी तरह डिजिटल कर दिया है:
१. ECI की आधिकारिक वेबसाइट: सबसे पहले चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in/ पर जाएं। यहां आप EPIC नंबर (वोटर आईडी नंबर) या अपना नाम और राज्य चुनकर कुछ ही सेकंड में अपना स्टेटस देख सकते हैं। २. बिहार चुनाव आयोग की वेबसाइट: आप https://ceoelection.bihar.gov.in/index.html पर भी जा सकते हैं। फाइनल वोटर लिस्ट अपडेट होने के बाद, इसका पीडीएफ यहां अपलोड किया जाएगा। ३. टोल-फ्री हेल्पलाइन: अगर ऑनलाइन कोई दिक्कत हो, तो टोल-फ्री नंबर १९५० पर कॉल करके सीधे जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
क्यों अहम है यह फाइनल लिस्ट?
इस बार रिकॉर्ड संख्या में डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता आएगी। इसके अलावा, नए १४ लाख युवा मतदाताओं का जुड़ाव भी अहम है। माना जा रहा है कि ये युवा मतदाता चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
तारीखों का ऐलान जल्द!
फाइनल वोटर लिस्ट जारी होते ही चुनाव आयोग की टीम बिहार दौरे पर आ रही है। ४ और ५ अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों आयुक्त राज्य में रहेंगे। इस दौरान कानून-व्यवस्था, चुनावी तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की जाएगी। इससे पहले ३ अक्टूबर को दिल्ली में पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इन बैठकों और समीक्षा के बाद किसी भी दिन बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।