बिश्नोई गिरोह पर इंटरनेशनल सर्जिकल स्ट्राइक! हत्या, वसूली और ड्रग्स… जानें आतंकवादी संगठन घोषित होने के बाद क्या होगा असर
कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) और उसके आपराधिक नेटवर्क को कनाडा सरकार ने आधिकारिक तौर पर ‘आतंकवादी संगठन’ घोषित कर दिया है। यह गिरोह भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हत्या, जबरन वसूली, और हथियारों व ड्रग्स की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल है। कंज़र्वेटिव और एनडीपी राजनेताओं की लगातार मांग के बाद कनाडा सरकार ने यह अहम कदम उठाया है।
कनाडा सरकार के जन सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसांगरी (Gary Anandasangaree) ने एक बयान में कहा, “कनाडा में हिंसा और आतंक के कामों के लिए कोई जगह नहीं है। खासकर ऐसे काम जो किसी खास समुदाय को निशाना बनाकर डर और धमकी का माहौल बनाते हैं। इसीलिए कनाडा सरकार ने क्रिमिनल कोड (Criminal Code) के तहत बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन के रूप में लिस्टेड किया है।”
आतंकी संगठन घोषित होने का बिश्नोई गिरोह पर क्या होगा असर?
बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन के रूप में लिस्टेड करने से कनाडा के अधिकारियों को अब कई विशेष शक्तियां मिल गई हैं:
१. संपत्ति जब्त: कनाडा के अधिकारी अब कनाडा के भीतर बिश्नोई गिरोह से जुड़ी किसी भी संपत्ति—पैसा, गाड़ियां और अन्य संपत्ति—को फ्रीज या जब्त कर सकते हैं। २. आतंकी फंडिंग के तहत मुकदमा: बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों पर अब आतंकवादी गतिविधियों के लिए फंडिंग (वित्तीय सहायता) से संबंधित गंभीर अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है। ३. कनाडा में मुश्किल होगी एंट्री: कनाडा के कानून के अनुसार, किसी लिस्टेड आतंकवादी समूह को जानबूझकर संपत्ति या वित्तीय सहायता देना एक गंभीर अपराध है। इसलिए बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों के लिए कनाडा जाना और वहां रहना अब बेहद मुश्किल हो जाएगा।
कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया कि बिश्नोई गिरोह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन है जो मुख्य रूप से भारत से सक्रिय है, लेकिन कनाडा में भी इसकी मौजूदगी है। यह गिरोह उन इलाकों में सक्रिय है जहां प्रवासी समुदाय बड़ी संख्या में हैं, और यह हत्या, गोलीबारी और आगजनी में लिप्त है। जबरन वसूली व धमकी के जरिए यह गिरोह व्यवसायों, बड़ी हस्तियों और नेताओं को निशाना बनाकर इन समुदायों में असुरक्षा का माहौल पैदा करता है।
सरकार का कहना है कि यह सूची कनाडा की सुरक्षा, खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा गिरोह की गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।