रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना! मां गई थी गरबा खेलने, घर पर सौतेले बाप ने ५ साल की मासूम से किया दुष्कर्म!
महाराष्ट्र के अकोला में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के समय बच्ची की मां गरबा खेलने गई थी। गंभीर रूप से घायल पीड़ित बच्ची को तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया है और उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे सघन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गरबा जाने पर हुई वारदात
यह जघन्य घटना रविवार रात महाराष्ट्र के अकोला शहर के खदान थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बच्ची की मां गरबा कार्यक्रम में गई थी और उसने अपने बेटे और पांच साल की बेटी को सौतेले पिता के पास छोड़ दिया था।
आरोपी पिता ने रात करीब साढ़े दस बजे मासूम के साथ दरिंदगी की कोशिश की, जिससे बच्ची की तबियत बिगड़ गई। जब मां घर लौटी तो उसने अपनी बेटी को दर्द से कराहते हुए पाया। पूछने पर बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को पूरी बात बताई।
इसके बाद महिला ने बच्ची को इलाज के लिए अकोला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही खदान पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।