सड़क पर तड़पते घायल को अस्पताल पहुँचाकर बचाई जान! बालाघाट के डॉक्टर अंकित असाटी को मिलेंगे २५,००० रु. और सम्मान

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने वाले मोहगाँव-मलाजखंड निवासी डॉ. अंकित असाटी को मध्य प्रदेश सरकार २५,००० रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेगी। डॉ. असाटी बालाघाट जिले के पहले ‘राहवीर’ बन गए हैं, जिन्होंने ‘राहवीर योजना’ में अपना योगदान दिया है।

आज, ३० सितंबर को भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री व बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

क्या थी पूरी घटना?

यह घटना १३ अगस्त २०২৫ की रात करीब ११ बजे की है। मलाजखंड पौनी में भारत पेट्रोल पंप के सामने मुख्य सड़क पर डॉ. अंकित असाटी ने देखा कि एक कार (CG 04 NT 7252) ने बाइक (MP 28 ME 0903) सवार भीमलाट निवासी अक्षय तेकाम को टक्कर मार दी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े थे।

डॉ. असाटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसा पहुँचाया। बिरसा में शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए १०८ एम्बुलेंस से जिला अस्पताल और फिर गोंदिया के सहयोग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढपाल ने बताया कि डॉ. असाटी की तत्परता और मानवीय पहल से ही अक्षय तेकाम की जान बचाई जा सकी, जो अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।

मानवीयता को मिला सम्मान:

डॉ. अंकित असाटी द्वारा दिखाई गई इस तत्परता के लिए जिला प्रशासन ने प्रोत्साहन राशि हेतु उनका नाम परिवहन आयुक्त म.प्र. भोपाल को भेजा था, जिसे तुरंत स्वीकृति मिल गई। मानवता के इस कार्य के लिए आज भोपाल में उन्हें राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *