दो दिन में दूसरी गोलीबारी! कनखल में बदमाशों के हौसले बुलंद, घर से बुलाकर सुमित चौधरी की हत्या, पुलिस के हाथ खाली।

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार शाम को हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर इलाके में हुई, जिससे क्षेत्र के लोग काफी डरे हुए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम सुमित चौधरी है, जो परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। बताया गया कि सोमवार शाम को सुमित अपने घर पर थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें पास के ही पार्क में बुलाया। आरोप है कि वहीं पार्क में ही उन लोगों ने सुमित को गोली मार दी।

गोली लगने से सुमित चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोस्त उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाने की पुलिस और सुमित के परिजन अस्पताल पहुंचे।

पुलिस की तलाश जारी: हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिक जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि हत्या की वजह आपसी मतभेद या पुरानी रंजिश हो सकती है। फिलहाल सुमित चौधरी का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाया है।

बदमाशों के बुलंद हौसले: यह घटना हरिद्वार में अपराधियों के बुलंद हौसलों को दर्शाती है। गौरतलब है कि सिर्फ दो दिन पहले, शनिवार को भी कनखल थाना क्षेत्र में गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। 48 घंटे के भीतर एक ही थाना क्षेत्र में हुई ये दो बड़ी वारदातें पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *