यूपी एटीएस का बड़ा एक्शन, 4 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार, लोकतांत्रिक सरकार गिराकर ‘शरिया कानून’ लागू करने की थी साजिश

उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के नाम अकमल रजा, सफील सलमानी उर्फ ​​अली रजवी, मोहम्मद तौसीफ और कासिम अली बताए जा रहे हैं। एटीएस ने लखनऊ में बीएनएस (BNS) की धारा 148 और 152 के तहत आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पंजीकृत मामले के अनुसार, अकमल रजा को सुल्तानपुर से, सफील सलमानी को सोनभद्र से, मो. तौसीफ को कानपुर से और कासिम अली को रामपुर से गिरफ्तार किया गया है।

पाकिस्तान से प्रभावित होकर ‘हिंसात्मक जिहाद’ की साजिश

आतंकवाद निरोधक दस्ता उत्तर प्रदेश ने सूचना दी है कि यूपी के कई जनपदों में कुछ लोग पाकिस्तान के कट्टर संगठनों से प्रभावित होकर भारत में ‘हिंसात्मक जिहाद’ से बवाल खड़ा करना चाहते थे।

ये लोग हथियारों के बल पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को गिराकर शरिया कानून लागू करने की योजना बना रहे थे। अपने मंसूबों को पूरा करने के लिए ये सोशल मीडिया के साथ-साथ अलग-अलग स्थानों पर मीटिंग कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर उकसावा और फंडिंग की तैयारी

जांच में पता चला है कि ये संदिग्ध ऑडियो और वीडियो भेजकर लोगों को उकसा रहे थे। आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार, धन और अन्य सामग्री इकट्ठा की जा रही थी। एटीएस की इस कार्रवाई से राज्य में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *