दिल्ली BJP के पहले अध्यक्ष, 5 बार के सांसद मल्होत्रा ​​नहीं रहे, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, बताया ‘जमीन से जुड़ा नेता’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष और पाँच बार दिल्ली के सांसद रहे वयोवृद्ध नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उनका उपचार चल रहा था। दिल्ली भाजपा के प्रमुख चेहरों में उनकी गिनती होती थी।

उन्होंने विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया और 2008 के चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में भी पेश किया गया था। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया। दिल्ली सरकार ने वरिष्ठ नेता के सम्मान में कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए।

प्रधानमंत्री ने दी अंतिम श्रद्धांजलि:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मल्होत्रा के आधिकारिक आवास पर जाकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने के लिए उनकी भूमिका की सराहना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।”

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा कि मल्होत्रा एक “अनुभवी नेता” थे, जिनका खेल प्रशासन सहित सार्वजनिक जीवन में योगदान अमूल्य है।

अपूर्णीय क्षति:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री गुप्ता ने मल्होत्रा ​​को “पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का अभिभावक” बताया और उनके निधन को “एक अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति” करार दिया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा।

दिल्ली से पाँच बार सांसद और दो बार विधायक रहे मल्होत्रा ​​ने 1999 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि उनका जीवन हमेशा से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है और आगे भी रहेगा।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *