बिहार चुनाव की गहमागहमी में भी नहीं रुकेगी योजना! महिलाओं को ₹10,000 की पहली किस्त दिसंबर 2025 तक मिलती रहेगी
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला रोजगार योजना का लाभ चुनावी प्रक्रिया पर असर डाले बिना लगातार मिलता रहेगा। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि दिसंबर 2025 तक लाभार्थियों के खातों में ₹10-10 हजार रुपये की पहली किस्त भेजने का सिलसिला जारी रहेगा।
75 लाख महिलाओं के खाते में ट्रांसफर हुए थे ₹7,500 करोड़:
बीते 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से 75 लाख महिलाओं के खातों में ₹7,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने ऐलान किया था कि 3 अक्टूबर को भी अन्य महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी। अब सरकार ने तय कर दिया है कि यह प्रक्रिया चुनावी अवधि में भी बाधित नहीं होगी।
2 लाख रुपये तक की मिलेगी अतिरिक्त आर्थिक मदद:
नीतीश सरकार की योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए शुरुआती सहायता दी जा रही है। पहली किस्त में ₹10,000 सीधे डीबीटी (DBT) के जरिए मिलते हैं, जबकि छह महीने बाद आकलन कर अधिकतम ₹2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक मदद दी जाएगी।
अगस्त के अंत में योजना की घोषणा के बाद से ही लाखों महिलाओं ने इसमें आवेदन किया है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अभी भी जारी है, और नई जुड़ने वाली महिलाओं को भी अगली किस्तों में ₹10-10 हजार रुपये मिलते रहेंगे।
राशि ट्रांसफर करने की तारीखें घोषित:
सरकार ने राशि ट्रांसफर करने की तारीखें भी घोषित कर दी हैं:
- अक्टूबर: 3, 6, 17, 24 और 31 तारीख को
- नवंबर: 7, 14, 21, 28 को
- दिसंबर: 5, 12, 19 और 26 को लाभार्थियों के खातों में पैसा भेजा जाएगा