टेस्ट सीरीज से पहले वेस्टइंडीज पर लगा ‘कलंक’, नेपाल ने 2 बार की टी20 वर्ल्ड चैंपियन को हराकर रचा इतिहास!

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले वेस्टइंडीज टीम पर एक ऐसा दाग लगा है जिसे वे शायद ही कभी धो पाएं। एक ओर जहां कैरेबियन टीम को करारा झटका लगा है, वहीं दूसरी ओर नेपाल की खुशी का ठिकाना नहीं है। इसका अंदाज़ा आप इस बात से लगा सकते हैं कि मंगलवार को हुए टी20 मैच में वेस्टइंडीज से 10 विकेट से हारने के बावजूद नेपाल के खिलाड़ी मैदान पर झूमते दिखे

दरअसल, सीरीज के आखिरी मुकाबले में नेपाल को हार मिली, लेकिन इतिहास तो उन्होंने पहले ही रच दिया था। इससे पहले हुए दोनों मैच नेपाल के नाम रहे। यह किसी भी आईसीसी फुल मेंबर नेशन के सामने नेपाल की यह पहली सीरीज जीत थी।

आखिरी मैच में वेस्टइंडीज की आसान जीत

मंगलवार को शारजाह में दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया। नेपाल की टीम 122 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके बाद वेस्टइंडीज ने महज 74 गेंदों पर बिना विकेट खोए इस लक्ष्य का पीछा कर लिया। मगर हिंदी में एक कहावत है, ‘अब पछताए होत क्या… जब चिड़िया चुग गई खेत।’

नेपाल ने वेस्टइंडीज को हराकर रचा इतिहास

तीसरे टी20 में दमदार प्रदर्शन करने वाली कैरेबियन टीम पहले दो मैचों में बुरी तरह फ्लॉप रही। पहले T20I में नेपाल ने 148 रन बनाए और वेस्टइंडीज की पारी 129 रनों पर समाप्त हो गई। लेकिन नेपाल ने दूसरे मैच को भी जीतकर ये साफ कर दिया कि इस शृंखला में वो बेहतर टीम है। दूसरे मुकाबले में नेपाल ने वेस्टइंडीज को 90 रनों के भारी अंतर से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली थी।

तीसरे टी20 मैच में 10 विकेट से हारने के बावजूद नेपाल की टीम ने मैदान पर जश्न मनाया। वहीं, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचे दर्शकों ने भी खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। नेपाल ने दो बार की टी20 विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को हराकर इतिहास रचा। उन्होंने किसी भी टेस्ट खेलने वाली टीम के खिलाफ पहली सीरीज जीत हासिल की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *