दिल्ली में ‘रावण दहन’ से पहले 20,000 जवान तैनात, PM-राष्ट्रपति की मौजूदगी को लेकर हाई सिक्योरिटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (2 अक्टूबर) शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आईपी एक्सटेंशन रामलीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल होंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल किला मैदान स्थित माधवदास पार्क जाएंगी, जहां श्री धार्मिक रामलीला समिति द्वारा दशहरा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की दिल्ली के दशहरा मैदानों की यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 20,000 कर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि रामलीला मैदानों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया दल, ‘स्वाट’ कमांडो और सादे कपड़ों में कर्मियों की तैनाती शामिल है। जानबूझकर नुकसान पहुंचाने या बाधा डालने वाली गतिविधियों की जांच के मद्देनजर चौकियां स्थापित की गई हैं और बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख रामलीला पंडालों में इमरजेंसी मेडिकल सेवाएं और दमकलकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लिखा, “विजयादशमी बुराई और असत्य पर अच्छाई और सत्य की विजय का प्रतीक है। मेरी कामना है कि इस पावन अवसर पर हर किसी को साहस, बुद्धि और भक्ति के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा मिले।”