दुर्घटना के बाद भड़का गुस्सा, ‘घाटशिला हाई-वे जाम! पुलिया की मरम्मत न होने पर अड़े ग्रामीण, 1 की मौत, 3 घायल

घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम): विजयादशमी के दिन पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के तामुकपाल हाई-वे पर भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने दोपहर 11 बजे हाई-वे को पूरी तरह से जाम कर दिया।

टूटी पुलिया बनी मौत की वजह!

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर टूटी पुलिया की मरम्मत न होने के कारण यह दुर्घटना हुई है। पुलिया की वजह से हाई-वे को वन-वे किया गया था, लेकिन एक अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। इस हादसे में साइकिल से जा रहे तामुकपाल निवासी बालक मुंडा (60) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कलिकापुर निवासी किशोर भकत (42) और उनकी पत्नी मौसमी पाल (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जो बाइक पर थे। मौसमी पाल के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में ट्रेलर का चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।

अस्पताल पहुंचे घायल:

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से मृतक और घायलों को अनुमंडल अस्पताल घाटशिला पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला और ट्रेलर चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।

मुआवजे और मरम्मत की मांग पर डटे ग्रामीण:

घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला के थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह और सीओ निशांत अंबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे हटने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों की साफ मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा (Compensation) दिया जाए और जब तक पुलिया की मरम्मती पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका जाम (Road Block) जारी रहेगा। खबर लिखे जाने तक अधिकारी और ग्रामीण बातचीत में लगे हुए थे, जिसके चलते हाई-वे पर यातायात पूरी तरह से ठप है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *