TCS में बड़ी छंटनी की तैयारी! 12,000 से ज्यादा कर्मचारी होंगे बाहर; कंपनी दे रही 2 साल तक की सैलरी का बंपर सेवरेंस पैकेज

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर है। कंपनी इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है और ग्राहकों की बदलती मांग, ऑटोमेशन और खुद को सक्रिय बनाने के लिए अपने कर्मचारियों का पुनर्गठन कर रही है, जिसके चलते बड़े पैमाने पर छंटनी की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीसीएस लंबे समय से कार्यरत जिन कर्मचारियों की छंटनी कर रही है, उन्हें दो साल तक की सैलरी का सेवरेंस पैकेज दे रही है।

किसे बाहर का रास्ता दिखाएगी TCS?

कंपनी ने बदलती मांगों और बढ़ते ऑटोमेशन के जवाब में अपने वर्कफोर्स को फिर से व्यवस्थित किया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, सभी ‘बेंच’ कर्मचारियों को नहीं निकाला जा रहा है। केवल वे कर्मचारी प्रभावित होंगे जो 8 महीने से अधिक समय से बिना किसी उचित भूमिका के ‘बेंच’ पर हैं। इसका मतलब है कि सिर्फ वही कर्मचारी बाहर होंगे जिनका रोल, मौजूदा या भविष्य की भूमिकाओं से मेल नहीं खाता है।

TCS की नई ’35-दिन की बेंच पॉलिसी’ 12 जून को लागू हुई थी और 17 जुलाई को समाप्त हुई। इस पॉलिसी के तहत, कर्मचारियों को एक साल में प्रोजेक्ट असाइनमेंट के बिना अधिकतम 35 वर्किंग डे की ही अनुमति थी। इस सीमा से अधिक होने पर पदोन्नति में रुकावट या नौकरी से बर्खास्तगी हो सकती है।

लगभग 12,000 कर्मचारियों की छंटनी का लक्ष्य:

इस साल की शुरुआत में, टीसीएस ने घोषणा की थी कि वह अगले एक साल में अपने लगभग 2 प्रतिशत कर्मचारियों (12,000 से अधिक) को नौकरी से हटा देगी। हालांकि, हाल ही में नाइट्स (NITES) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर यह मुद्दा भी उठाया कि टीसीएस कथित तौर पर पुणे में लगभग 2,500 कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर कर रही है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीसीएस ने कहा कि कौशल को पुनर्व्यवस्थित करने के उसके हालिया कदमों से केवल कुछ ही कर्मचारियों पर असर पड़ा है।

2 साल तक का मिल रहा है सेवरेंस पैकेज:

इस छंटनी के तहत निकाले जा रहे कर्मचारियों को कंपनी 2 साल तक का सेवरेंस पैकेज दे रही है। कर्मचारियों को तीन महीने के नोटिस पीरियड का वेतन मिलेगा, इसके बाद सेवा अवधि के आधार पर छह महीने से दो साल तक का वेतन भी दिया जाएगा। इस श्रेणी में न्यूनतम ग्रेच्युटी छह महीने का वेतन है। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 साल से ज़्यादा सेवा वाले कर्मचारियों को सबसे ज़्यादा भुगतान मिलता है, जो दो साल की सैलरी तक हो सकता है। 10-15 साल सेवा वाले कर्मचारियों को लगभग 1.5 साल का सेवरेंस पे मिलेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *