विसर्जन जुलूस में घुसा तेज रफ्तार DJ वाहन, 1 की मौत, 4 घायल; गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी को फूंका

दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान एक तेज रफ्तार डीजे वाहन ने कहर बरपाया। वाहन ने जुलूस में नाच रहे पांच ग्रामीणों को कुचल दिया, जिसमें 30 वर्षीय रामदेव चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

यह दर्दनाक घटना गुरुवार दोपहर पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनगांव में हुई। जानकारी के अनुसार, अंजनगांव से दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकल रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार डीजे वाहन ने जुलूस में घुसकर लोगों को चपेट में ले लिया।

हादसे में रामदेव चौहान की मौत हो गई, जबकि संजू सोलंकी, रविंद्र सोलंकी, राजेश सोलंकी और मयंक घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद डीजे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया

आक्रोशित भीड़ ने फूंका डीजे वाहन:

इस भयानक हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने तुरंत डीजे वाहन में आग लगा दी और उसे मौके पर ही फूंक दिया। स्थिति की सूचना मिलते ही पंधाना थाना प्रभारी दिलीप सिंह देवड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तनावपूर्ण स्थिति को संभाला।

घायलों को पहले पंधाना स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से दो गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के पीछे झगड़े की आशंका:

कुछ ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना डीजे वाहन का ब्रेक फेल होने की वजह से हुई। हालांकि, कुछ अन्य ग्रामीणों ने दावा किया कि डीजे वाहन का चालक अंजनगांव में ही एक आयोजक से झगड़ा करके आ रहा था और गुस्से में उसने वाहन को तेज रफ्तार में जुलूस में घुसा दिया, जबकि उसके पास रास्ता बदलने का मौका था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *