दशहरा की धूम फीकी, ‘गांधी मैदान में बारिश का कहर, पानी-पानी हुए रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले
पटना के गांधी मैदान में दशहरे का उत्साह उस समय फीका पड़ गया, जब रावण दहन की तैयारियों के बीच अचानक आसमान से तेज बारिश आ गई। भीषण बारिश ने न केवल पूरे आयोजन को अस्त-व्यस्त कर दिया, बल्कि कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण के विशाल पुतले पूरी तरह से गीले हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जलने से पहले ही रावण का सिर टूटकर लटक गया, जिससे लोग हैरान रह गए।
बारिश की तेज धारों ने रावण दहन देखने आए हजारों लोगों के उत्साह को ठंडा कर दिया। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते दिखे। आयोजकों और प्रशासन के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई, क्योंकि इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कई अन्य वीआईपी शिरकत करने वाले हैं।
हालांकि, प्रशासन और समिति अब पारंपरिक रावण दहन को पूरा करने के लिए फिर से जुट गई है। शाम 5:45 बजे कार्यक्रम दोबारा आयोजित करने की तैयारी है, जिसके लिए नए सिरे से पुतले बनाए जा रहे हैं। बारिश से भीगी भीड़ अभी भी मैदान में टिकी हुई है, और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।
उधर, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 4-5 दिन बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान तेज बारिश, जलजमाव और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही, वज्रपात (बिजली गिरने) को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।